पुलिस पर पथराव करने वाले 29 गिरफ्तार, तेज रफ्तार कर की टक्कर से बाइक सवारी की मौत के बाद आक्रोशित लोगों ने किया था पुलिस पर पथराव

उदयपुर में कार की टक्कर से बाइक सवार की मौत हो गई थी। इस पर गुस्साए लोगों ने पुलिस पर पथराव कर दिया था। मामले में पुलिस ने 29 लोगों को गिरफ्तार किया है। साथ ही 50 बाइक और 2 कारें भी जब्त की हैं। डीएसपी सूर्यवीर सिंह राठौड़ ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ सरकारी संपत्ति में तोड़फोड़ ओर पुलिसकर्मियों पर हमला करने सहित कई धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। वहीं घटना स्थल पर भी ऐहतियात के तौर पर पुलिस जाप्ता तैनात किया गया है। शव का पोस्टमार्टम देर रात करा दिया था। परिजनों को शुक्रवार सुबह शव दे दिया। स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है। घटना उदयपुर के कटार ग्राम पंचायत में बरवाड़ा हाईवे पर हुई थी। उदयपुर के सायरा थाना क्षेत्र में जागड़ों की भागल निवासी अंबालाल गमेती (28) गुरुवार दोपहर को मजदूरी करने जा रहा था। तभी पीछे से आ रही एक कार ने बाइक को टक्कर मार दी।इसके बाद कार अंबालाल को 20 फीट तक घसीटते हुए ले गई। मौके से कार ड्राइवर फरार हो गया था। जिसे पुलिस ने डिटेन कर लिया। इसके बाद मृतक के परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए और रोड जाम कर दिया। पुलिस ने समझाइश करते हुए उन्हें रोड से उठाने का प्रयास किया तो भीड़ ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़कर भीड़ को खदेड़ा।

घायल एएसआई सहित जवानों को इलाज के बाद मिली छुट्टी ग्रामीणों की ओर से हुए पथराव में सायरा थाने के एएसआई भंवर सिंह, गोगुंदा थाने के कांस्टेबल राकेश मीणा और महिला कांस्टेबल भावना डांगी सहित 7 से 8 पुलिसकर्मी घायल हुए थे। जिन्हें शुक्रवार सुबह उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।गोगुंदा एसडीएम शुभम भैसारे और सायरा तहसीलदार सुरेश मेहता ने मृतक के परिजनों से मिलकर समझाइश की। उनकी मांग पर हरसंभव मदद की बात कही। इसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
एसडीएम ने बताया कि परिवार को आर्थिक सहयोग देने का आश्वासन दिया है। पेंशन, पालनहार सहित अन्य सरकारी योजनाओं में आर्थिक मदद की जाएगी।