जोधपुर के कलेक्टर परिसर में मंगलवार दोपहर एक अजीबोगरीब वाकया देखने को मिला, जब एक महिला ने अपने पति की उसके सामने ही सरेआम हेलमेट से पिटाई कर दी। वजह थी—पति का अपनी ही साली (पत्नी की बहन) के साथ परिसर में घूमना। यह नज़ारा इतना चौंकाने वाला था कि वहां मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
रंगे हाथों पकड़ा, हेलमेट से पीटा
घटना दोपहर करीब 1:30 बजे की है। महिला को जैसे ही जानकारी मिली कि उसका पति उसकी बहन के साथ कलेक्टर परिसर में घूम रहा है, वह तुरंत वहां पहुंची। पति और साली को साथ देख कर वह आपा खो बैठी और पास में पड़े हेलमेट से पति की पिटाई शुरू कर दी। पत्नी का आरोप है कि पति के उसकी बहन के साथ अवैध संबंध हैं और दोनों अक्सर इस तरह मिलते रहते हैं।
लोगों ने छुड़वाया, पुलिस पहुंची
घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह पति को छुड़ाया। इस बीच मौके पर पुलिस भी पहुंच गई और पति, पत्नी व साली तीनों को थाने ले जाकर पूछताछ की गई। बाद में पुलिस ने तीनों को समझाइश देकर छोड़ दिया और भविष्य में ऐसा कोई विवाद न करने की चेतावनी दी।
थानेदार बोले: “हर दिन बढ़ रहे ऐसे मामले”
उदय मंदिर थाना अधिकारी सीताराम खोज ने बताया कि जब पुलिस मौके पर पहुंची तो वहां भारी भीड़ जमा थी। युवक और युवती साथ घूम रहे थे, तभी महिला ने आकर युवक को पीटना शुरू कर दिया। पुलिस ने सभी को थाने ले जाकर काउंसलिंग की।
वहीं नागौर थाना अधिकारी शेफाली सांखला ने चिंता जताते हुए कहा कि वैवाहिक जीवन में अवैध संबंधों के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। पति या पत्नी अक्सर विवाहेतर संबंधों में पड़ जाते हैं और बच्चों व परिवार की परवाह नहीं करते। लीव-इन रिलेशनशिप जैसे कानूनों का दुरुपयोग भी समाज में शादी जैसी संस्था को कमजोर कर रहा है।

