छात्र संघ चुनाव बहाली की मांग को लेकर बवाल, ABVP कार्यकर्ताओं की पुलिस से झड़प, 10 हिरासत में

बीकानेर। छात्र संघ चुनावों की बहाली की मांग को लेकर बीकानेर में सोमवार को जोरदार प्रदर्शन हुआ। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं ने डूंगर कॉलेज में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का पुतला दहन किया और कॉलेज परिसर में सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान प्रदर्शनकारी जब नेशनल हाईवे-11 (बीकानेर-जयपुर) की ओर बढ़े, तो पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, जिससे पुलिस और छात्रों के बीच धक्का-मुक्की हो गई।

स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने 10 ABVP कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। मौके पर मौजूद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को बल प्रयोग कर हटाया और कई छात्रों को काबू में लेकर थाने पहुंचाया।



क्यों हुआ विरोध? जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 11 बजे ABVP कार्यकर्ता डूंगर कॉलेज में इकट्ठे हुए। छात्रों का आरोप है कि पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने वर्ष 2023 में छात्र संघ चुनावों पर रोक लगा दी थी, जो आज तक जारी है। इसी के विरोध में छात्रों ने गहलोत का पुतला फूंका और सरकार विरोधी नारे लगाए।

कौन-कौन हिरासत में? जयनारायण व्यास कॉलोनी थानाधिकारी सुरेंद्र पचार ने बताया कि हिरासत में लिए गए छात्रों को थाने लाकर चेतावनी दी गई और बाद में उन्हें छोड़ दिया गया। पुलिस ने कहा कि धारा 352 के तहत मामला दर्ज किया गया है, लेकिन छात्रों को भविष्य में ऐसा न करने की चेतावनी देकर छोड़ा गया। पुलिस ने ABVP के विभाग संयोजक मोहित जाजड़ा, महानगर मंत्री मेहल शर्मा, छात्र नेता राकेश गोदारा, भागीरथ गोदारा, सत्येंद्र सिंह ख्याली, रामनिवास बिश्नोई, तनवीर सिंह भाटी सहित 10 छात्रों को गिरफ्तार किया और एक घंटे बाद रिहा किया।

ABVP बोली – आंदोलन जारी रहेगा : ABVP के संयोजक मोहित जाजड़ा ने कहा कि छात्र संघ चुनावों की बहाली तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने सरकार पर छात्रों की लोकतांत्रिक आवाज दबाने का आरोप लगाया।