उदयपुर। उदयपुर के जिला कलक्टर नमित मेहता ने गुरुवार को तारा संस्थान के उदयपुर स्थित नेत्र अस्पताल में आयोजित निःशुल्क रेटिना जांच शिविर का उद्घाटन किया। इस अवसर पर संस्था प्रधान कल्पना गोयल एवं दीपेश मित्तल ने जिला कलक्टर को संस्थान की कार्यप्रणाली, निःशुल्क नेत्र उपचार व्यवस्था और शिविर के उद्देश्यों की विस्तृत जानकारी दी।

उद्घाटन के पश्चात जिला कलक्टर मेहता ने शिविर में आए मरीजों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की और उनकी नेत्र संबंधी समस्याओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने तारा संस्थान द्वारा गरीब एवं जरूरतमंद लोगों के लिए की जा रही निःशुल्क नेत्र चिकित्सा सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के शिविर समाज के कमजोर वर्ग के लिए किसी वरदान से कम नहीं हैं। रेटिना जैसे गंभीर नेत्र रोगों की समय पर जांच और उपचार से लोगों की दृष्टि बचाई जा सकती है।
संस्था प्रधान कल्पना गोयल ने बताया कि इस रेटिना शिविर में कुल 150 मरीजों की रेटिना जांच की गई, 90 मरीजों को निःशुल्क नजर के चश्मे प्रदान किए गए तथा 124 मरीजों को आवश्यक दवाइयां भी मुफ्त दी गईं।

शिविर उद्घाटन के बाद जिला कलक्टर ने तारा संस्थान द्वारा संचालित सेक्टर-6 स्थित आनंद वृद्धाश्रम का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने वृद्धाश्रम में रह रहे वरिष्ठजनों से संवाद कर उनके हाल-चाल जाने, उन्हें मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली और उनका मनोबल बढ़ाया। जिला कलक्टर ने वृद्धजनों के साथ आत्मीय संवाद करते हुए संस्थान की मानवीय सेवा भावना की सराहना की।
उल्लेखनीय है कि तारा संस्थान वर्ष 2009 से सामाजिक सेवा के क्षेत्र में सक्रिय है। संस्थान द्वारा गरीबों के लिए निःशुल्क नेत्र चिकित्सा सेवाएं, विशेष रूप से मोतियाबिंद एवं रेटिना उपचार, पूर्णतः मुफ्त वृद्धाश्रम तथा अन्य जनकल्याणकारी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। ये सभी सेवाएं जनसहयोग और दान पर आधारित हैं।
जिला कलक्टर मेहता ने संस्थान के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि ईश्वर इस सेवा कार्य को और आगे बढ़ाने की शक्ति प्रदान करे।

