उदयपुर। मोहर्रम पर्व के अवसर पर शुक्रवार को शहर में मुस्लिम समुदाय की ओर से ताजियों के जुलूस निकाले जाएंगे। जुलूस के दौरान घंटाघर, जगदीश चौक और गणगौर घाट सहित पुराने शहर के कई इलाकों में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी रहेगी। इसे देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश ओझा ने बताया कि दोपहर 12 बजे से जुलूस की समाप्ति तक जुलूस मार्गों पर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। आमजन से अपील की गई है कि वे जुलूस मार्ग पर अपने वाहन पार्क नहीं करें तथा ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करें।

इन मार्गों पर रहेगा वाहनों का प्रवेश बंद
रंग निवास से भट्टियानी चोहट्टा होकर जगदीश चौक जाने वाला मार्ग बंद रहेगा।
चांदपोल से गड़िया देवरा होकर जगदीश चौक की ओर सभी वाहनों का प्रवेश निषिद्ध रहेगा।
हाथीपोल, हरबनजी का खुर्रा और मोती चौहट्टा से घंटाघर की ओर वाहन नहीं जा सकेंगे।
भड़भूजा घाटी से बड़ा बाजार होकर घंटाघर जाने वाला मार्ग बंद रहेगा।
पुराना कंट्रोल रूम, अस्थल मंदिर, मुखर्जी चौक, सिंधी बाजार, तेलियों की माता और बड़ा बाजार होकर घंटाघर की ओर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
देहलीगेट से तीज का चौक, धानमंडी, चोखला बाजार और भड़भूजा घाटी की ओर जाने वाले वाहनों का प्रवेश भी बंद रहेगा।
चार पहिया वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग
हाथीपोल से चांदपोल जाने वाले चार पहिया वाहन झरिया मार्ग टी-प्वाइंट, शिक्षा भवन, काला किवाड़ और आयुर्वेदिक चौराहा होते हुए अपने गंतव्य तक जा सकेंगे।
नो पार्किंग में खड़े वाहन होंगे जब्त:
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जुलूस मार्ग पर नो पार्किंग में खड़े वाहनों को ट्रैफिक पुलिस द्वारा क्रेन की सहायता से हटाया जाएगा। हालांकि एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य आपातकालीन सेवाओं पर यह प्रतिबंध लागू नहीं होगा।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले वैकल्पिक मार्गों का चयन करें और जुलूस के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
