उदयपुर। हरियाली अमावस्या के मौके पर उदयपुर में 12 और 13 अगस्त को फतहसागर की पाल एवं सहेलियों की बाड़ी में मेले का आयोजन होगा। मेले में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस ने यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर उमेश ओझा ने बताया कि भीड़ को देखते हुए कई मार्गों पर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा, जबकि वाहन चालकों के लिए वैकल्पिक रूट और पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं।

13 अगस्त को महिलाओं के लिए विशेष मेला
13 अगस्त को फतहसागर की पाल और सहेलियों की बाड़ी में महिलाओं के लिए विशेष मेला आयोजित होगा। मेले में बड़ी संख्या में महिलाओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए यातायात पुलिस ने विभिन्न प्वाइंट्स पर जवान और डिवाइडर तैनात किए हैं।
इन रास्तों पर वाहनों का आवागमन रहेगा बंद
12 और 13 अगस्त को पहाड़ी बस स्टैंड से सहेलियों की बाड़ी, फतहपुरा चौकी से सहेलियों की बाड़ी, अरावली वाटिका से काला किवाड़-फतहसागर-यूआईटी, देवाली तिराहा से फतहसागर पाल तथा आयुर्वेदिक चौराहा से काला किवाड़, शिक्षा भवन और चेतक सर्कल की ओर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
इसके अलावा शिक्षा भवन एवं दैत्यमगरी से रेलवे कॉलोनी और यूआईटी चौराहा की ओर भी यातायात प्रतिबंधित रहेगा। रानी रोड वाया देवाली से फतहपुरा तथा महाकालेश्वर से आयुर्वेदिक चौराहा होते हुए अंबावगढ़ तक बसों का आवागमन भी पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
मेले में आने वालों के लिए यहां होगी पार्किंग
फतहपुरा चौकी की ओर से आने वाले चार पहिया वाहनों की पार्किंग फील्ड क्लब में होगी। दोपहिया वाहनों के लिए फतहपुरा पुलिस चौकी से सहेलियों की बाड़ी की ओर दीवार के सहारे पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।
इसके अलावा लव-कुश स्टेडियम के पास, आकाशवाणी की गली, स्वरूप सागर की पाल स्थित होमगार्ड ऑफिस के पास, पंचवटी चौराहा और नीमच माता पार्किंग में भी वाहन पार्क किए जा सकेंगे।
नाथद्वारा की ओर से मेले में आने वाले वाहन सेलिब्रेशन मॉल के पास लिंक रोड और सर्विस रोड के किनारे पार्क किए जाएंगे।
इन वैकल्पिक रास्तों से गुजरेंगे वाहन
झाड़ोल-मल्लातलाई मार्ग से आने वाले चार पहिया वाहन आयुर्वेदिक चौराहा से स्वरूप सागर, अरावली वाटिका, शिक्षा भवन चौराहा होते हुए हाथीपोल की ओर जा सकेंगे।
बड़ी की ओर से आने वाले वाहन गौरव प्रताप केंद्र से बड़गांव सर्किल होते हुए फतहपुरा चौराहा की ओर जाएंगे। वहीं बड़गांव की तरफ से आने वाली बसें सर्किल तक आ सकेंगी।
झाड़ोल की ओर से आने वाली रोडवेज बसों का रूट नया खेड़ा से काया हाईवे होते हुए पारस तिराहा रहेगा। झाड़ोल की तरफ से आने वाली सिटी बसों और अन्य वाहनों का आवागमन रामपुरा, मल्लातलाई होते हुए महाकालेश्वर तक रहेगा।
पुलिस की आमजन से अपील
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मेले के दौरान यातायात पुलिस का सहयोग करें और मुख्य सड़कों पर वाहन पार्क नहीं करें। एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य आपातकालीन सेवाओं के वाहनों को तत्काल रास्ता दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आपातकालीन सेवा के वाहनों पर यह यातायात व्यवस्था लागू नहीं होगी।
