मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पहुंचे उदयपुर, डबोक एयरपोर्ट पर नेताओं ने किया स्वागत; अमित शाह की करेंगे अगवानी

उदयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शनिवार को उदयपुर पहुंचे। डबोक स्थित महाराणा प्रताप एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री का जनजाति मंत्री बाबूलाल खराड़ी, जिले के प्रभारी मंत्री हेमंत मीणा, सांसद सीपी जोशी, डॉ. मन्नालाल रावत और राज्यसभा सदस्य चुन्नीलाल गरासिया सहित कई जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों ने स्वागत किया।

मुख्यमंत्री के स्वागत के दौरान विधायक ताराचंद जैन, उदयलाल डांगी, फूल सिंह मीणा, शांता देवी, प्रताप भील, भाजपा शहर जिला अध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़, देहात जिला अध्यक्ष पुष्कर तेली, अलका मूंदड़ा सहित भाजपा के कई नेता और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।



एयरपोर्ट पर अमित शाह की करेंगे अगवानी

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा उदयपुर एयरपोर्ट पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की अगवानी करेंगे। अमित शाह के उदयपुर पहुंचने को लेकर डबोक एयरपोर्ट और शहर में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। केंद्रीय गृहमंत्री के आगमन को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां और पुलिस पूरी तरह अलर्ट हैं।

उदयपुर में रात्रि विश्राम

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का शनिवार रात उदयपुर में रात्रि विश्राम का कार्यक्रम है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी उदयपुर में रुकेंगे। दोनों नेताओं के रात्रि प्रवास को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है।

रविवार को निंबाहेड़ा जाएंगे दोनों नेता

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का रविवार को निंबाहेड़ा जाने का कार्यक्रम है। दोनों नेता हेलीकॉप्टर से निंबाहेड़ा पहुंचेंगे। यहां केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह प्रतिमा का अनावरण करेंगे और इसके बाद आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम को लेकर निंबाहेड़ा में भी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
निंबाहेड़ा दौरे के बाद अमित शाह के वापस उदयपुर पहुंचने और यहां से जयपुर रवाना होने का कार्यक्रम है।