उदयपुर पहुंचे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने की अगवानी



उदयपुर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह शनिवार रात उदयपुर पहुंचे। डबोक स्थित महाराणा प्रताप एयरपोर्ट पर उनका विशेष विमान पहुंचा, जहां मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने उनकी अगवानी की। इस दौरान राज्य सरकार के कई मंत्री, जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी भी एयरपोर्ट पर मौजूद रहे।

केंद्रीय गृहमंत्री के उदयपुर आगमन को देखते हुए महाराणा प्रताप एयरपोर्ट से लेकर सर्किट हाउस तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। एयरपोर्ट पर औपचारिक स्वागत के बाद अमित शाह और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा कड़ी सुरक्षा के बीच सड़क मार्ग से सर्किट हाउस के लिए रवाना हुए। उनके काफिले के पूरे मार्ग पर पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों के जवान तैनात रहे।

अमित शाह और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का शनिवार रात उदयपुर के सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम का कार्यक्रम है। केंद्रीय गृहमंत्री के रात्रि प्रवास को देखते हुए सर्किट हाउस और आसपास के क्षेत्र में भी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है।

रविवार को निंबाहेड़ा जाएंगे अमित शाह

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह रविवार को हेलीकॉप्टर से निंबाहेड़ा के लिए रवाना होंगे। निंबाहेड़ा में वे प्रतिमा का अनावरण करेंगे और इसके बाद आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। अमित शाह के कार्यक्रम को लेकर निंबाहेड़ा में भी प्रशासन और पुलिस की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

कार्यक्रम पूरा होने के बाद अमित शाह हेलीकॉप्टर से वापस उदयपुर के महाराणा प्रताप एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद वे विमान से जयपुर के लिए रवाना होंगे। केंद्रीय गृहमंत्री के उदयपुर दौरे और रविवार के निंबाहेड़ा कार्यक्रम को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। उनके आवागमन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखी गई है।