राजसमंद में 3 साल से फरार चल रही महिला आरोपी को कांकरोली पुलिस ने उदयपुर में गिरफ्तार किया। गिरफ्तार महिला आरोपी पर कांकरोली पुलिस ने 5 हजार रूपए का इनाम घोषित कर रखा था। राजसमंद में इनामी अपराधियों धरपकड़ के लिए कांकरोली पुलिस द्वारा चलाए गए विशेष अभियान के तहत यह सफलता मिली है।
कांकरोली पुलिस थाना इंचार्ज हंसाराम के अनुसार 3 साल से फरार चल रही महिला आरोपी शांता कंवर को उदयपुर से गिरफ्तार किया गया।
आरोपी महिला कांकरोली पुलिस थाने में दर्ज प्रकरण 237/2022 के तहत फरार चल रही थी। मामले के अनुसार पीड़िता ने 2 जुलाई 2022 को रिपोर्ट दी थी कि उसे शांता कंवर और उसके साथी सिकंदर खान बहला-फुसलाकर उदयपुर ले गये और वहां उसे बंधक बनाकर जबरन गलत काम करवाने में धकेला गया।
इस मामले में मुख्य आरोपी सिकंदर खान को 2023 में गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया जा चुका है, जबकि शांता कंवर लगातार फरार थी। जानकारी के अनुसार, शांता कंवर लंबे समय से नाम बदलकर निम्बाहेड़ा, चित्तौड़गढ़, उदयपुर और माउंट आबू में छिपकर रह रही थी। आखिरकार पुलिस टीम ने तकनीकी सहायता और मुखबिर की जानकारी से उसे उदयपुर से गिरफ्तार किया।
कार्रवाई करने वाली टीम में एएसआई शंभु सिंह, हेड कॉन्स्टेबल महेंद्र सिंह, वीरेंद्र सिंह और महिला कॉन्स्टेबल प्रीति शामिल रही।
युवती को बंधक बनाकर जबरन गलत काम करवाने वाली महिला गिरफ्तार ,5 हजार का इनाम घोषित था महिला पर
