उदयपुर। उदयपुर जिले में 8 साल की मासूम बच्ची से दरिंदगी के मामले ने लोगों में भारी आक्रोश पैदा कर दिया। घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग पुलिस थाने पहुंचकर आरोपी की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। इस दौरान कुछ उपद्रवियों ने पुलिस पर पथराव कर कई वाहनों के कांच तोड़ दिए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रामलाल गमेती निवासी मन्देसर को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है।
एसपी ने दी पूरी जानकारी: एसपी योगेश गोयल ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही डिप्टी और थाना अधिकारी मौके पर पहुंचे, परिजनों से बातचीत कर पीड़िता को तत्काल अस्पताल में भर्ती करवाया गया। डॉक्टरों के अनुसार बच्ची अब पूरी तरह सुरक्षित है। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खेरवाड़ा अंजना सुखवाल, डिप्टी राजेंद्र जैन के नेतृत्व में डबोक, भिंडर, मावली, फतहनगर और झाड़ोल थाना अधिकारियों की टीम गठित कर पूरी रात तलाशी अभियान चलाया गया।
तलाशी के दौरान आरोपी रामलाल को डिटेन कर पूछताछ की गई, जिसमें उसने घटना को अंजाम देने की बात कबूल की।
थाने के बाहर हंगामा, 39 लोग डिटेन: आरोपी की गिरफ्तारी के बाद भी लोगों का गुस्सा शांत नहीं हुआ। सैकड़ों की संख्या में भीड़ इकट्ठा होकर नारेबाजी करने लगी। इसी दौरान कुछ लोगों ने पथराव कर दिया, जिससे कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए 39 लोगों को हिरासत में लिया और 13 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।

