उदयपुर चा राजा’ को धराई 1 करोड़ 51 लाख की नोटों की आंगी ,दर्शन के लिए उमड़ी भीड़ !

देशभर में गणेश महोत्सव की धूम मची हुई है. विभिन्न पंडालों में कई तरह के आयोजन हो रहे हैं. वहीं भगवान गणेश को अनोखी आंगी भी धराई जा रही है. मुंबई के चा राजा की तर्ज पर उदयपुर में भी गणेश प्रतिमा पर करोड़ों रुपए की आंगी धराई गई है. उदयपुर के बापू बाजार में श्री स्वास्तिक विनायक गणपति मंडल की ओर से गणपति जी की प्रतिमा स्थापित की गई है. यहां मंडल की ओर से मंगलवार को गणपति बप्पा को 1 करोड़ 51 लाख रुपए के नोटों की बनी आंगी धराई गई.

मुंबई के गणपति को मुंबई चा राजा के नाम से जाना जाता है. ठीक उसी तरह उदयपुर शहर के बापू बाजार में गणपति बप्पा को उदयपुर चा राजा के नाम से जाना जाता है. गणपति बप्पा के दरबार को भी अनूठे अंदाज में श्रृंगार के साथ सजाया गया है. हर दिन अलग-अलग थीम पर दरबार सजाया जाता है वहीं दर्शन करने और उनके इस अनूठे श्रंगार को देखने बड़ी संख्या में भक्तगण भी पंडाल पहुंचे. मंडल कार्यकर्ताओं ने बताया कि 25 सालों से गणपति महोत्सव मना रहे हैं. पिछले 9 सालों से नोटों की आंगी की जा रही है. पहली बार 5 लाख 55 हजार 555 रुपए, दूसरी बार 7 लाख 77 हजार, 777 रुपए, तीसरी बार 11 लाख 11 हजार 111 रुपए और चौथी बार 21 लाख 21 हजार 221 रुपए और पांचवी बार 31 लाख 31 हजार 331 रुपए, छठी बार 33 लाख 33 हजार 333 रुपए, सातवीं बार 31 लाख 31 हजार 131 रुपए और इस बार आठवीं बार 41 लाख 41 हजार 441 और आज नवी बार 1 करोड़ 51 लाख रुपए की आंगी की गई है.
स्वास्तिक मंडल के वैभव अग्रवाल ने बताया कि हर वर्ष गणपति प्रतिमा की ऊंचाई के आधार पर आंगी की राशि तय की जाती है. इस बार प्रतिमा पर बप्पा को 1 करोड़ 51 लाख रुपए की आंगी धराई गई है. इसके लिए सभी 30 सदस्य आपसी सहयोग से ही चंदा इकट्ठा करते हैं. जितनी राशि उन लोगों द्वारा दी जाती है, उसमे में से रसीद काट कर बाकी की राशि फिर से उन्हे लौटा दी जाती है.