जगदीश चौक से निकलेगी रथ यात्रा, रात 12 बजे तक रहेगा यातायात प्रभावित; नो पार्किंग में खड़े वाहन होंगे जब्त
उदयपुर। भगवान श्री जगन्नाथ जी की पारंपरिक रथ यात्रा गुरुवार, 16 जुलाई को दोपहर 3 बजे जगदीश मंदिर से निकाली जाएगी। रथ यात्रा के दौरान शहर के प्रमुख मार्गों पर भारी भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक डायवर्जन एवं नो-पार्किंग व्यवस्था लागू की है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) उमेश ओझा ने बताया कि दोपहर 11 बजे से रात्रि में कार्यक्रम समाप्त होने तक रथ यात्रा मार्ग पर आम वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
रथ यात्रा जगदीश चौक से शुरू होकर घंटाघर, बड़ा बाजार, मोचीवाड़ा, भड़भूजा घाटी, संतोषी माता मंदिर, तीज का चौक, धानमंडी, मार्शल चौराहा, अस्थल मंदिर, आरएमवी रोड, कैलाश कॉलोनी, कालाजी-गोराजी, रंग निवास और भट्टियानी चौहट्टा होते हुए पुनः जगदीश मंदिर पहुंचेगी। यात्रा का समापन रात करीब 12 बजे होगा।
इन मार्गों पर रहेगा डायवर्जन
चांदपोल से जगदीश चौक की ओर सभी वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा।
हाथीपोल से घंटाघर होते हुए जगदीश चौक जाने वाले वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
तीज का चौक से भड़भूजा घाटी एवं घंटाघर मार्ग बंद रहेगा।
रंग निवास से भट्टियानी चौहट्टा होकर जगदीश चौक की ओर वाहन नहीं जा सकेंगे।
पुराना कंट्रोल रूम, अस्थल मंदिर, मार्शल चौराहा, मुखर्जी चौक, सिंधी बाजार और तेलियों की माता मार्ग पर भी यातायात प्रतिबंध रहेगा।
सूरजपोल से अस्थल मंदिर, मकबरा मस्जिद से आरएमवी रोड थाना मार्ग, सिंधी धर्मशाला से आरएमवी हॉस्टल गली तथा पीडब्ल्यू ऑफिस गुलाबबाग रोड से कालाजी-गोराजी मार्ग पर दोपहिया और चारपहिया वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा।
शाम 6 से रात 10 बजे तक आरएमवी रोड (सूरजपोल थाना के सामने) नो-व्हीकल जोन रहेगा।
नो पार्किंग और पार्किंग व्यवस्था
कालाजी-गोराजी तिराहे से गुलाबबाग रोड होते हुए उदियापोल तक नो-पार्किंग लागू रहेगी। आरएमवी स्कूल के सामने होने वाली आरती में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं के दोपहिया वाहनों की पार्किंग आरएमवी स्कूल परिसर में की जाएगी।
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़े वाहनों को क्रेन एवं टोइंग वाहन से हटाया जाएगा। हालांकि एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड एवं अन्य आपातकालीन सेवाओं पर यह प्रतिबंध लागू नहीं होगा।
पुलिस ने शहरवासियों और व्यापारियों से अपील की है कि रथ यात्रा मार्ग पर वाहन पार्क न करें तथा सुचारु व्यवस्था बनाए रखने में यातायात पुलिस का सहयोग करें।
जगन्नाथ रथ यात्रा आज, उदयपुर में दोपहर 11 बजे से शहर के कई मार्ग बंद; ट्रैफिक पुलिस ने जारी किया डायवर्जन प्लान
